रुधौली नगर पंचायत के शांतिनगर में निर्माणाधीन बरातघर संवाद
बस्ती। जिले के दो नगर पंचायत हर्रैया और रुधौली में बरात घर मंगलम का निर्माण कार्य सुस्त है। इससे तय समय में इन भवनों में शहनाई नहीं गूंज सकेगी। इसके लिए अभी स्थानीय लोगों को इंतजार करना पड़ेगा। दोनों निकायों में करीब 5.12 करोड़ रुपये की लागत से बरात घर का निर्माण कराया जा रहा है।
नगर विकास विभाग की ओर से करीब एक साल पूर्व भवन निर्माण के लिए स्वीकृति प्रदान की गई थी और सात जुलाई 2026 को इसे नगर पंचायत को सुपुर्द करना है, ताकि यहां शादी-विवाह समेत अन्य मांगलिक कार्यक्रम कराए जा सके। इसको लेकर नगर पंचायत और स्थानीय लोगों में उत्सुकता भी है। बताया गया कि अभी 60 प्रतिशत ही निर्माण कार्य पूर्ण हुआ है। ऐसे में तीन माह में भवन पूर्ण कर हैंडओवर करना कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस को चुनाैती है। रुधौली नगर पंचायत में 2.50 करोड़ की लागत से वार्ड संख्या सात शांतिनगर में भव्य बरात घर का निर्माण कराया जा रहा है।
बरात घर पूर्ण होने के बाद करीब 20 हजार से अधिक लोगों को लाभ मिल सकेगा। यहां आसानी से शादी-विवाह कार्यक्रम आयोजित कराए जा सकेंगे। यह परियोजना 22 मार्च 2025 में स्वीकृत हुई थी, जिसे सात जुलाई 2026 तक पूर्ण करना है। अभी तक 50 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हुआ है। इसी प्रकार हर्रैया में 2.62 करोड़ रुपये की लागत से बरात घर का निर्माण हो रहा है।
22 मार्च 2025 में यह परियोजना स्वीकृत हुई थी, पूर्ण करने की तिथि चार जुलाई 2026 है। अभी तक 60 प्रतिशत काम हुआ है। वहीं, जुलाई वाले सहालग में इस भवन में शादी-विवाह का सपना देख रहे लोगों को अभी सपना पूर्ण नहीं हो सकता।