टिनिच। सल्टौआ ब्लॉक के वाराह छत्तर धाम को जोड़ने वाली सड़क खस्ताहाल है। बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने से राहगीर और वाहन चालक खतरे की आशंका में सहमे रहते हैं।
वाराह क्षेत्र धाम में पक्के पुल का निर्माण प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत किया गया था। इसके बाद इस पुल को सड़क से जोड़ने के लिए बाराह छत्तर से सुकरौली तक सड़क का निर्माण होना था। लेकिन निर्माण इकाई ने वाराह छत्तर धाम के बजाय राजस्व गांव वाराह क्षेत्र की सरहद से सड़क बना दी। इससे लगभग 600 मीटर मार्ग अधूरा रह गया। इसी पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। अजगैवाजगल के धर्मेंद्र चौधरी का कहना है कि यह ऐतिहासिक और पौराणिक स्थल है। जर्जर सड़क के कारण पर्यटक आसानी से नहीं पहुंच पाएंगे। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि चंद्र शेखर चौधरी ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से कई बार संपर्क किया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पूर्व प्रधान जुग्गी बर्मा, श्रीराम पांडेय और रामराज पांडेय ने भी सड़क निर्माण की मांग दोहराई। जेई सुनील दत्त ने बताया कि सड़क प्रधानमंत्री सड़क योजना में शामिल थी। लेकिन, ठेकेदार ने निर्माण नहीं कराया गया। इस संबंध में कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी गई है। संवाद