बनकटी इटहर मार्गं के कोरऊ गांव के निकट बने पुलिया के बीचोंबीच बना गड्ढा-संवाद
बनकटी। बस्ती-महुली मुख्य मार्ग को जोड़ने वाले बनकटी-इटहर संपर्क मार्ग के कोरऊ के निकट मार्ग पर बनी पुलिया के बीचोबीच गड्ढे होने से हादसे का खतरा है। करीब एक वर्ष पूर्व से पुलिया की बीच की छत टूट गई थी, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं हुई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द इसे ठीक नहीं किया गया तो बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह संपर्क मार्ग बनकटी ब्लॉक व लालगंज थाना जिला मुख्यालय सहित संतकबीरनगर के जनपदों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। यहां से इटहर, कोरे भगवानपुर, गडौना, गोविंद आदि गांव के लोगों व स्कूली बच्चों की आवाजाही का मुख्य रास्ता है। दिन में तो लोग किसी तरह गड्ढे से बचकर निकल जाते हैं, लेकिन रात में वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका अधिक रहती है। कई बाइक चालक अब तक गड्ढे में फंसकर घायल हो चुके हैं। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग और जनप्रतिनिधियों ने ध्यान नहीं दिया।
प्रधान वीरेंद्र कुमार ने बताया कि कई बार विभागीय अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई क्षेत्र के अवधेश चौधरी, विनोद कुमार, नंदलाल चौधरी, पन्नेलाल यादव आदि ने पुलिया के मरम्मत की मांग की है। इस संबंध में बीडीओ भवानी प्रसाद शुक्ल ने बताया कि जेई से जांच कराकर संबंधित विभाग को पत्र भेज दिया जाएगा।