बस्ती। जिले के परशुरामपुर थाना क्षेत्र के चौरी बाजार में रविवार को दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी। तीन बदमाश बिजली निगम के कर्मचारी बनकर एक व्यापारी के घर में घुसे और घर में अकेली महिला को घायल कर लाखों का सामान व नकदी लूट ले गए।
इसी के साथ नंदनगर मोहल्ले में भी चोरी की एक और वारदात हुई। एक ही दिन में दो वारदातों ने कस्बे के लोगों में दहशत फैला दी है। चौरी बाजार निवासी व्यापारी राहुल गुप्ता रविवार सुबह करीब 11:00 बजे परिवार के साथ दुकान पर गए थे। घर पर उनकी पत्नी सुमन अकेली थीं।
इसी दौरान हेलमेट और मास्क लगाए तीन बदमाश बाइक से पहुंचे। उन्होंने बिजली निगम का कर्मचारी बनकर दरवाजा खटखटाया। जैसे ही सुमन ने दरवाजा खोला, एक बदमाश ने उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह बेहोश होकर गिर गईं। इसके बाद बदमाशों ने घर के तीन कमरों में रखी अलमारी, बॉक्स और लॉकर तोड़कर जेवरात और करीब 50 हजार रुपये लूट लिए। जब महिला को होश आया तो बताया कि उन्हें कुछ याद नहीं, केवल यह पता चला कि बदमाश घर का सारा सामान खंगाल ले गए।
इसी दिन भोर में चौरी कस्बे से सटे नंदनगर मोहल्ले में चोरों ने एक और घर को निशाना बनाया। हरिराम की बहू सीमा गुप्ता ने बताया कि परिवार रात में आंगन में सो रहा था। करीब चार बजे नींद खुली तो दो संदिग्ध लोग घर से निकलते दिखे। घर के अंदर जाने पर सारा सामान बिखरा मिला और उनके तथा उनकी देवरानी के जेवरात गायब थे।
-
पुलिस और फॉरेंसिक टीम सक्रिय
दोनों वारदातों की सूचना पर थानाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के घरों और दुकानों के सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं। थानाध्यक्ष का कहना है कि बदमाशों का सुराग जल्द लगाया जाएगा और अपराधियों को पकड़ने के लिए कई टीमें काम कर रही हैं।
-
दहशत में व्यापारी और कस्बावासी
चौरी बाजार व आसपास के व्यापारी इस वारदात से सहमे हैं। व्यापारियों ने कहा कि दिनदहाड़े हुई वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। लगातार दो वारदातों ने यह साबित कर दिया है कि बदमाश कितने निडर हैं। अब देखना यह होगा कि पुलिस कितनी तेजी से इस चुनौती का समाधान करती है।