नगर बाजार। क्षेत्र के विरऊपुर गांव में तीन अप्रैल को 23 वर्षीय युवती के फंदा लगाकर आत्महत्या करने के मामले में नया मोड आ गया है। मृतका ने मौत को गले लगाने से पहले सुसाइड नोट में एक युवक पर गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर लिया है।
पिता परशुराम यादव के अनुसार तीन अप्रैल को परिवार खेत में गेहूं की कटाई कर रहा था। शाम करीब पांच बजे जब वे घर लौटे तो देखा कि उनकी पुत्री नेहा यादव का शव कमरे में कुंडी से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ था। नीचे एक सुसाइड नोट भी मिला, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया। सुसाइड नोट में युवती ने पंकज यादव नाम के युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
सुसाइड नोट में उसने लिखा है कि आरोपी कई दिनों से उसे परेशान कर रहा था। जबरन घर में घुसकर गलत हरकत करने की कोशिश की फोटो खींचकर ब्लैकमेल किया और शादी तुड़वाने की धमकी दी। युवती की शादी छह मई को तय थी। लेकिन इस घटना से पहले ही वह मानसिक तनाव में आ गई थी। युवती ने नोट में अपनी मौत के लिए पंकज यादव को जिम्मेदार ठहराते हुए उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी नगर भानु प्रताप सिंह का कहना है कि पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर कैथवलिया लाला निवासी पंकज यादव पर प्राथमिकी दर्ज कर लिया है, उसकी तलाश कर रही है।