हत्या की आशंका जताकर आरोपियों की गिरफ्तार की मांग
तीन घंटे तक चली मान-मनौव्वल के बाद माने परिजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कप्तानगंज। नगर थाना क्षेत्र के पोखरा बाजार पंप के पास रविवार को कप्तागंज क्षेत्र के दिव्यांग युवक का शव मिला था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए शव को घर पर रखकर प्रदर्शन करना शुरू करा दिया। परिजनों ने कार्रवाई की मांग करते हुए शव का अंतिम संस्कार से मना कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस के समझाने पर परिजन शव का दाह संस्कार करने पर राजी हुए।
जानकारी के अनुसार, कप्तानगंज क्षेत्र के मेडौवा गांव के दिव्यांग युवक दर्शन कुमार का शव संदिध परिस्थितियों में पोखरा बाजार गांव के पास रविवार की सुबह मिला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शाम चार बजे युवक का शव लेकर परिजन घर पहुंचे। इसके बाद परिजन दाह संस्कार से मुकर गए। मौके पर पहुंची पुलिस को परिजनों ने बताया कि दर्शन की हत्या की गई है। करीब तीन घंटे तक चले मान-मनौव्वल के बाद परिजन शव का दाह संस्कार करने को तैयार हुए। थानाध्यक्ष नगर देवेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।