बस्ती। शहर में अनियोजित विकास के जरिये नगरीय विकास को आए बजट को जैसे-तैसे खपाने का खेल पकड़ा गया है। निर्माण संबंधी जांच में इसका खुलासा हुआ है। अब ऐसे निर्माण कार्यों का भुगतान रोक दिया गया है। निर्माण में जो खामियां मिली हैं उसमें सुधार कर रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है।
बता दें कि शहर में 15वें वित्त समेत अन्य उपलब्ध बजट से नौ छोटे-बड़े नाले बनाए जा रहे हैं। दो करोड़ रुपये की इस परियोजना में पहले से खामियां मिल रहीं थीं। नागरिकों की ओर से की गई शिकायत के बाद ईओ अंगद गुप्ता एक्शन में आए। उन्होंने जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई और जांच कर एक पखवारे में रिपोर्ट मांगी थी। क्रमवार नौ चिह्नित नाले की जांच हुई। सबसे पहले नालियों की स्थिति का निरीक्षण किया। इसमें कई जगहों पर स्लैब टूटी हुई पाई गई। इसके अलावा नाली के ढक्कन में प्रयुक्त सरिया की गुणवत्ता की भी जांच की गई। फीते से माप लेकर सरिया की मोटाई जांची गई और यह देखा गया कि तकनीकी मानकों के अनुसार सामग्री का प्रयोग हुआ है या नहीं। आड़ा-तिरछा नाले, ईंट भी खराब आदि की रिपोर्ट है।
कई हिस्सों में नाली पूर्ण नजर नहीं आई और मानक के तहत निर्माण नहीं होना पाया गया। जांच टीम ने इन खामियों को नोट करते हुए मौके पर साक्ष्य भी एकत्र किया। टीम ने मौके से जुटाए गए साक्ष्यों और निरीक्षण के आधार पर अपनी रिपोर्ट तैयार कर ईओ नगर पालिका को सौंपी दी। अब ईओ कार्रवाई के लिए फाइल आगे बढ़ा दी है।