हनुमानबाग चकोही पहुंचे 62 कोसी परिक्रमा में शामिल साधूसंत- संवाद
दुबौलिया। जय श्रीराम के जयकारों से शुक्रवार को हनुमानबाग चकोही क्षेत्र गुंजायमान हो उठा, जब 84 कोसी परिक्रमा में शामिल सैकड़ों श्रद्धालु यहां पहुंचे। चित्रकूट धाम के महंत गोविंद दास जी महाराज की अगुवाई में करीब 550 साधु-संतों की टोली मखौड़ा धाम से रवाना होकर रामरेखा, विशेशरगंज होते हुए द्वितीय पड़ाव हनुमानबाग चकोही पहुंची।
स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। इसके बाद सभी ने हनुमान जी का दर्शन किया और रामनाम संकीर्तन में लीन हो गए। मंदिर परिसर में पुजारी रामचंद्र दास और राज मंगल पाठक ने उनके विश्राम और भंडारे की व्यवस्था की।
महंत गोविंद दास जी महाराज ने बताया कि चित्रकूट में परिक्रमा पूर्ण करने के बाद उन्होंने 84 कोसी परिक्रमा का संकल्प लिया। अयोध्या पहुंचने के बाद मखौड़ा धाम से इसकी शुरुआत की गई। उन्होंने बताया कि रात्रि विश्राम के बाद सुबह श्रद्धालु शेरवाघाट होते हुए श्रृंगी ऋषि आश्रम की ओर रवाना होंगे।