भाई की ससुराल आए युवक का शव स्थानीय थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव के पास सड़क किनारे मिला। युवक के ऊपर बाइक गिरी हुई थी। मुंह में काफी चोट लगी थी। शव देख ग्रामीणों ने इस बात की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सिद्धार्थनगर जनपद के भवानीगंज थाना क्षेत्र के हिसामुद्दीनपुर निवासी रमेश निषाद उर्फ जुगानी (22) बुधवार की शाम को घर से भाई बब्लू की ससुराल सोनहा थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर गांव आए थे। कुछ देर रुककर वह अपने घर के लिए निकल गए। देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन की। कुछ पता नहीं चल सका। रमेश निषाद चार भाइयों व तीन बहनों में तीसरे नंबर के थे। उनकी शादी नहीं हुई थी।
मृतक के भाई मुकेश ने बताया कि दो दिन पहले गांव के पास चौराहे पर कुछ लोगों से विवाद हुआ था। उन्हें शक है कि उनके भाई के साथ कुछ अनहोनी जरूर हुई है। प्रभारी निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का लग रहा है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट का इंतजार है।