बाहर से आने वालों की सूचना प्राप्त करेगी समिति
बस्ती। ग्राम स्तर पर बनी निगरानी समिति प्रतिदिन बाहर से आने वाले व्यक्तियों की सूचना एकत्र करेगी। इनका अगले दिन एंटीजन, आरटीपीसीआर जांच कराई जाएगी।
यदि किसी ग्राम में बाहर से आने वाले व्यक्तियों की संख्या अधिक है तो उस गांव में आरआरटी टीम भेजकर जांच कराई जाएगी। जबकि अन्य की जांच नजदीकी सीएचसी व पीएचसी पर होगी। इसकी सूचना प्रतिदिन डीसीपीएम दुर्गेश मल्ल के मोबाइल फोन नंबर 9450479232 के माध्यम से सीएमओ कार्यालय में उपलब्ध करानी होगी।
डीएम सौम्या अग्रवाल ने कहा है कि आगामी पंचायत चुनाव के मद्देनजर भारी संख्या में बाहर से लोगों के आने के आसार हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को अधिकाधिक कोरोना की जांच और टीकाकरण के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है। कहा है कि होम आइसोलेटेड मरीज का मोबाइल फोन नंबर बंद होने की दशा में उसके घर के अन्य सदस्य का मोबाइल फोन नंबर भी प्राप्त किया जाए, जिससे कि समय पर जानकारी प्राप्त की जा सके।
सभी ब्लॉक स्तर चिकित्सालयों पर कोविड कंट्रोल रूम की स्थापना कराते हुए कंट्रोल रूम का हेल्पलाइन नंबर प्रकाशित कराया जाए। डीएम ने अंटाइड फंड की उपयोगिता के बारे में नाराजगी जाहिर की। उन्होेंने सभी एमओआईसी को निर्देश दिया कि बजट की उपयोगिता से संबंधित रिपोर्ट यथा शीघ्र डॉ. सीके वर्मा अपर मुख्य चिकित्साधिकारी को उपलब्ध कराएं।