बस्ती। शहर कोतवाली के बैरिहवा मोहल्ले में बृहस्पतिवार की रात एक युवक की पीटकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने पिता की तहरीर पर मृतक की पत्नी के प्रेमी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। शुक्रवार देर शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण अस्पष्ट नहीं होने पर पुलिस ने विसरा प्रिजर्व कर लिया है। मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बता दें कि कोतवाली के बैरिहवा मोहल्ले निवासी शिव कुमार कन्नौजिया (24) की बृहस्पतिवार की रात मोहल्ले में पीटकर हत्या कर दी गई थी। मैदान में खून से लथपथ पड़ा शव देखकर किसी ने सूचना पुलिस को दी थी। थोड़ी देर में मौके पर सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण तिवारी, कोतवाल मोतीचंद मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सिटी सत्यम भूषण तिवारी ने बताया कि मृतक के पिता रामजी की तहरीर पर मोहल्ले के ही रोहन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पिता के अनुसार शिव कुमार की पत्नी से आरोपी का संबंध था। युवक अपने पिता की इकलौती संतान था। लोग आशंका जता रहे हैं कि प्रापर्टी के चक्कर में भी युवक की हत्या हो सकती है। वहीं पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सीओ सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।