हर्रैया कस्बे में मनोरमा पुल पर हुए हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार को किनारे करता क्रेन। संवाद
हरैया। कस्बे में हाईवे पर मनोरमा नदी के पुल पर सड़क में हुए गड्ढे में फंसकर अयोध्या की तरफ जा रही कार अनियंत्रित होकर बगल से जा रहे वाहन से टकराकर डिवाइडर में भिड़ गई। दुर्घटना में कार का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस घायल चालक को इलाज के लिए सीएचसी ले गई। जहां प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया।
मुंडेरवा कस्बा निवासी सूरज सोनी शनिवार रात करीब 11:45 बजे अपनी कार से अयोध्या जा रहे थे। कस्बे में हाईवे पर मनोरमा नदी के पुल पर सड़क में हुए गड्ढे में अचानक पहिया फंसने से अनियंत्रित हुई कार बगल से जा रहे वाहन में टकराकर डिवाइडर में जाकर भिड़ गई। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस व एनएचआई की पेट्रोलिंग टीम को सूचित किया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने एनएचआई कर्मियों के साथ मिलकर घायल कार चालक को इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया। परिजनों को सूचना दी गई। प्राथमिक उपचार के बाद घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। क्षतिग्रस्त कार को क्रेन से हटाकर सड़क के किनारे करने के बाद थाने भेज दिया।