थाने में सीज की गई अवैध मिट्टी खनन के उपयोग में पकड़ी गई जेसीबी और ट्रैक्टर ट्राली। स्रोत- पुलि
बस्ती। अवैध मिट्टी खनन पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। वॉल्टरगंज पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने रविवार को अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान खनन में प्रयोग किए जा रहे जेसीबी और ट्रैक्टर ट्राली को सीज कर दिया गया। इस कार्रवाई से धंधेबाजों में हड़कंप की स्थिति रही।
निर्माण की गति तेज होने के चलते मिट्टी की डिमांड बढ़ गई है। ऐसे में खनन माफिया मुख्यालय से 15-20 किमी की परिधि में जेसीबी के जरिये मिट्टी खनन कर ट्राॅलियों से शहरी क्षेत्र के नई बसावट में पहुंचा रहे हैं। संयुक्त टीम ने अवैध खनन को तुरंत रोकवाने और बिना रॉयल्टी के मिट्टी खोदाई का धंधा बंद कराने के लिए अभियान चलाया। थानाध्यक्ष वाल्टरगंज सूर्य प्रकाश सिंह मय पुलिस फोर्स क्षेत्र में वाहन चेकिंग, पेट्रोल पंप चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग करने लगे।
इसी बीच टीम को अवैध खनन होने की सूचना मिली। इसके बाद टीम थाना क्षेत्र के खम्हरिया गांव पहुंची। पुलिस बल के साथ टीम आते देख अवैध मिट्टी खनन करने वाले लोग वाहन छोड़ मौके से फरार हो लिए। मौके पर जेसीबी से एक ट्रैक्टर-ट्राॅली में अवैध खनन कर मिट्टी लोड की गई थी। मौके पर पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने जेसीबी और मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली को पुलिस की मदद से थाना में परिसर में लाया गया। खनन अधिकारी ने दोनों वाहनों को थाने में सीज करा दिया गया।