रुधौली (बस्ती)। नगर पंचायत के वार्ड नंबर छह विंध्यवासिनीनगर की 27 वर्षीय सभासद का संदिग्ध हालात में सोमवार रात फंदे से लटका शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नंदिता मिश्रा का पति अजय मिश्र रुधौली थाने का हिस्ट्रशीटर है।
जानकारी के मुताबिक, नगर पंचायत के विंध्यवासिनी नगर वार्ड निवासी अजय मिश्रा की शादी 10 जुलाई 2016 में सिद्धार्थनगर जिले के शिवनगर डिड़ई थानाक्षेत्र के मसैचा गांव की नंदिता मिश्रा के साथ हुई थी। उनके तीन बच्चे सात वर्षीय अद्भुत, पांच वर्षीय अनंत और तीन वर्षीय अदिति हैं।
पिछले निकाय चुनाव में महिला सीट होने की वजह से अजय मिश्रा ने अपनी पत्नी को सभासद का चुनाव लड़वाया और वह जीत गईं। हालांकि, सभासद का कामकाज अजय ही देखता है। पुलिस को दिए प्रार्थनापत्र में अजय मिश्रा ने लिखा है कि सोमवार रात करीब आठ बजे गेहूं रखने वाले कमरे में छत के कुंडे से फंदा लगाकर नंदिता लटक गई।
इसकी सूचना नंदिता मिश्रा की 14 वर्षीय सगी बहन महिमा ने फोन के जरिए दी। वह घर गए तो पंखे के हुक में साड़ी का फंदा लगाकर वह लटकी थी। आनन फानन में नंदिता को फंदे से नीचे उतारा गया।
बताया जा रहा है कि तब तक उसकी सांस चल रही थी लेकिन सीएचसी रुधौली ले जाने पर डॉक्टर ने नंदिता को मृत घोषित कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक विजय दुबे ने बताया कि मायके के लोगों ने भी मृतका के पति के साथ प्रार्थनापत्र पर हस्ताक्षर करके पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया था।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं सूचना पर पहुंची विधि विज्ञान की टीम ने भी घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य इकट्ठा किया।