- काली माता की पूजा में गए थे गांव के लोग, लौटे तो फंदे से लटका मिला युवक
- रुधौली थाना क्षेत्र के पटोरी गांव का मामला
रुधौली। थाना क्षेत्र के पटोरी गांव में एक 19 वर्षीय युवक का शव उसी के घर में छत की कुंडी से लटका हुआ मिला। ग्राम प्रहरी की सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक विजय दुबे ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम के मंजीत यादव ने साक्ष्य संग्रह किया।
ग्रामीणों के अनुसार, पटोरी गांव के 19 वर्षीय अजय शर्मा उर्फ हुली पुत्र स्व. राम अवध घर पर अकेला ही रहता था। मृतक की चाची पुष्पा ने बताया कि सुबह 8:00 बजे के आसपास गांव के सभी लोग गांव के बाहर स्थित काली माता मंदिर पर पूजा में गए थे। उस समय अजय बाहर टहल रहा था। लौटने पर अजय के घर का दरवाजा अंदर से बंद था। कुछ देर बुलाने पर जब वह बाहर नहीं आया तो लोगों को शक हुआ। उसके चाचा अयोध्या प्रसाद ने बताया कि मुख्य दरवाजे के बगल लगी खिड़की का दरवाजा तोड़कर देखा गया तो वह फंदे से लटकता हुआ था। यह देख पैरों तले जमीन खिसक गई।
पटवारिया के ग्राम चौकीदार उमेश ने प्रभारी निरीक्षक को सूचना दी। पुलिस ने मृतक की चाची पुष्पा देवी की तहरीर पर पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक अजय शर्मा दो भाई और दो बहनों में सबसे छोटा था। बड़ा भाई फागू शर्मा मुंबई में रहता है, जबकि बहनों की शादी हो चुकी है। मृतक के माता-पिता की मृत्यु पहले ही हो चुकी है। गांव में ही मेहनत मजदूरी करके वह अपनी रोजी-रोटी चलता था। खाना-पीना चाचा के घर करता था।
प्रभारी निरीक्षक विजय दुबे ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट प्राप्त नहीं हुआ है, प्रथम दृष्ट्या मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, घटना के कारण की पुलिस जांच की जा रही है।