शिक्षिका ने उठाया पढ़ाई का खर्च, छात्र ने गुरु दक्षिणा में दिया 75 प्रतिशत अंक
बस्ती। सामाजिक परिवेश को बेहतर बनाने की चर्चा तमाम मंचों से होती रहती है। लेकिन, इसे व्यवहार में कुछ ही लोग उतार पाते हैं। जिले के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बटेला में सहायक अध्यापक पद पर तैनात श्रुति त्रिपाठी ने ऐेसा ही एक मिसाल कायम किया है जो समाज के लिए अनुसरणीय है।
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली सहायक अध्यापक श्रुति त्रिपाठी बटेला में तैनात हैं। इसी विद्यालय से आठवीं पास करने वाले बटेला निवासी अभिषेक चौधरी का श्रुति ने अपने खर्च से शहर के प्रतिष्ठित संस्थान उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में दाखिला कराया। हाईस्कूल परीक्षा उर्मिला से पास करने के बाद अभिषेक ने कृषि विज्ञान विषय से 12वीं करने की इच्छा जताया। यह विषय निजी शैक्षणिक संस्थानों में संचालित नहीं किया जाता तो श्रुति ने राजकीय इंटर कॉलेज में अभिषेक का दाखिला करा दिया। वहीं, अभिषेक बताते हैं कि उनकी शिक्षक श्रुति ने उनकी पढ़ाई का न सिर्फ खर्च उठाया बल्कि समय निकाल कर उन्हें कोचिंग भी पढ़ाया। जिसकी बदौलत वे इंटरमीडिएट में 75 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पाए। श्रुति ने बताया कि शुरुआत से ही अभिषेक पढ़ाई में अच्छा था। उसकी प्रतिभा को देखकर पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए सोचा। जिस पर वह खरा उतरा।