क्षेत्रीय समस्याओं पर बात करने वाले प्रत्याशी को चुनेंगे विधायक
गौर। विधानसभा चुनाव का रंग अब स्थानीय स्तर पर भी चढ़ने लगा है। मतदाता क्षेत्रीय मुद्दों पर बात करने वाले प्रत्याशी को वोट करने की बात कह रहे हैं। मतदाताओं ने बताया कि क्षेत्र में तमाम समस्याएं हैं जो प्रत्याशियों को सिर्फ चुनाव के समय ही दिखती हैं।
केसरई निवासी उमाशंकर यादव कहते हैं कि क्षेत्रीय समस्याओं के प्रति गंभीर प्रत्याशी को वोट दूंगा। इटबहरा निवासी जितेंद्र सिंह बताते हैं कि जो क्षेत्र के विकास के बारे में बात करेगा उसी को वोट दूंगा। स्थानीय स्तर पर युवाओं के लिए रोजगार का सृजन और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की बात करने वाले प्रत्याशी को चुना जाएगा। बताते हैं कि गौर सीएचसी पर करीब 15 साल से महिला चिकित्सक की तैनाती नहीं हुई और न ही एक्स-रे मशीन लगवाने के लिए किसी विधायक ने पहल की। सीएचसी में तीन बेड का मिनी पीआईसीयू बनाया गया है। लेकिन बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती नहीं है। मुस्लिम पैकोलिया निवासी खालिद खान कहते हैं कि सभी संगठनों में सरकार बनाने की होड़ मची है। चुनाव में मतदाताओं के मुद्दों पर बात करती कोई संगठन नजर नहीं आ रहा है। जो महगाई कम करने और छुट्टा मवेशियों से छुटकारा दिलाने की बात करेगा उसी को वोट दूंगा। मुसहा बरहपेड़ा प्रधान दिनेश कुमार श्रीवास्तव बताते हैं कि युवाओं को रोजगार, मंहगाई कम करने व दुबौला-पचपेड़वा मार्ग निर्माण कराने की जो बात करेगा उसी को वोट दूंगा।