पाठ्यक्रम अधूरा, वार्षिक परीक्षा दे रही दस्तक, छात्रों की चिंता बढ़ी
विक्रमजोत/ बस्ती। कोरोना के मामलों में आई कमी के चलते नर्सरी से लेकर उच्च कक्षाएं संचालित हो गईं। लेकिन, छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी का डर सताने लगा है। क्योंकि, अधिकांश कक्षाओं में अभी तक कोर्स पूरा नहीं हो सका है। जबकि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्री-बोर्ड परीक्षाएं विद्यालयों में आयोजित की जा रही हैं और अन्य वार्षिक परीक्षाएं फरवरी के आखिरी सप्ताह में प्रस्तावित हैं।
शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुसार प्री-बोर्ड और अन्य कक्षाओं के वार्षिक परीक्षा का अंक परिषद की वेबसाइट पर अपलोड होना है। ऐसी दृष्टि से शिक्षण कार्य के लिए शिक्षकों और छात्र-छात्राएं और भी परेशान हैं। वहीं, विधानसभा चुनाव के चलते अधिकतर विद्यालयों के शिक्षक चुनावी प्रशिक्षण और चुनाव ड्यूटी में लगे हैं। इससे भी पठन-पाठन सुचारू ढंग से नहीं चल पा रहा है। वहीं, चुनाव के तत्काल बाद हाईस्कूल व इंटर की बोर्ड परीक्षाएं भी संभावित है।
प्री-बोर्ड परीक्षा को हाईस्कूल व इंटर की बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिहाज से काफी अहम माना जाता है। कक्षा नौ के छात्र शिवम पांडेय, विकास साहू, राज शेखर, श्रीराम का कहना है कि वर्तमान समय में स्कूलों का संचालन शुरू हो गया है। शिक्षक व हम सभी तेजी से अपना कोर्स पूरा करने में लगे हैं पर समय कम होने से सही ढंग से पढ़ने व समझने का मौका नहीं मिल रहा है। छुट्टियों के समय ऑनलाइन शिक्षण कार्य कराया जा रहा था, पर गांव में ऑनलाइन पढ़ाई करने में असुविधा के चलते परीक्षा की तैयारी सही से नहीं हो पाई है। वहीं, हाईस्कूल व इंटर के छात्र राजमणि वर्मा, बजरंगी, हर्षित श्रीवास्तव, अंकित यादव, नेहा, शिवानी, उर्मिला का कहना है कि हमारी प्री-बोर्ड परीक्षाएं संचालित की जा रही हैं। पढ़ने का अधिक समय नहीं मिलने से कोर्स अधूरे हैं। पर तैयारी की दृष्टि से आवश्यक पाठ्यक्रम किसी तरह से पूरे करा दिए गए हैं।
ब्लॉक क्षेत्र के अयोध्या प्रसाद दुबे इंटर कॉलेज मझौवा के प्रधानाचार्य प्रमोद तिवारी ने बताया कि जबसे स्कूल में भौतिक पठन- पाठन शुरू हुआ है कोर्स को पूरा कराया जा रहा है। छुट्टियों के दौरान ऑनलाइन शिक्षण कार्य कराया जा रहा था पर प्रस्तावित परीक्षा कार्यक्रम को देखते हुए दबाव ज्यादा हो गया है। फिर भी प्रयास किया जा रहा है कि समय से कार्य पूरा किया जा सके। वहीं, संत तुलसीदास इंटर कॉलेज बस्थनवां के प्रधानाचार्य विनोद कुमार पाठक का कहना है कि सत्र बीतने वाला है। चुनाव की तैयारियां चल रही हैं। शिक्षक चुनाव ड्यूटी व प्रशिक्षण में व्यस्त हैं। फिर भी छात्र हित में कोर्स पूरा कराना व परीक्षा कराना हमारी जिम्मेदारी है। जिसे मिले अल्प समय में ही पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला विद्यालय निरीक्षक बस्ती दल सिंगार यादव ने बताया कि स्कूल खुल गए हैं। पठन-पाठन के साथ प्रस्तावित कक्षा 10 व 12 की प्री- बोर्ड व 9 व 11 के अलावा अन्य वार्षिक परीक्षाओं के लिए समय निर्धारित किया गया है। समयावधि के भीतर उन्हें संपन्न कराया जाएगा।