उच्च स्तरीय लाइन लॉस से जूझ रहे शहर के पांच फीडर
पॉश इलाकों में बिजली चोरी रोकने में अभियंताओं की टीम फेल
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। विद्युत वितरण निगम की मंशा लाइन लाॅस कम कर 15 प्रतिशत तक लाने की है। इसके लिए बिजली चोरी पर अंकुश लगाना निगम की प्राथमिकता में शामिल है। अधिकारियों ने माहभर में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए करीब 57 लोगों पर बिजली चोरी का केस दर्ज कराया। इसके बावजूद लाइन लॉस और बिजली कम होती नहीं दिख रही है।
जानकारी के अनुसार, गांधीनगर उपकेंद्र के आवास विकास कॉलोनी, कचहरी और एसबीआई फीडर से शहर के पॉश इलाकों को बिजली आपूर्ति होती है। तीनों फीडर उच्च लाइन लॉस से गुजर रहे हैं। हथियागढ़ और पुरानी बस्ती द्वितीय फीडर भी उच्च लाइन लॉस में हैं। पांचों फीडरों पर 50-55 प्रतिशत से अधिक बिजली चोरी हो रही है। निगम के जानकार बताते हैं कि लाइन लॉस बिजली चोरी के कारण हो रहा है।
बिजली चोरी रोकने के लिए अगस्त माह से सघन जांच अभियान शुरू हुआ। इसके तहत अगस्त में 34 और सितंबर में अब तक 23 केस बिजली चोरों पर दर्ज हुए हैं। फिर भी अभियान का असर दिखना शुरू नहीं हुआ। इसे ऐसे समझा जा सकता है कि निगम हर माह शहर में करीब 24 करोड़ रुपये की बिजली आपूर्ति कर रहा है। मगर, इसके एवज में उसे हर माह महज 11.34 करोड़ रुपये का ही राजस्व प्राप्त हो रहा है।
...
उमस भरी गर्मी में पीक पर पहुंची खपत
कुछ दिनों से बारिश न होने के कारण उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं। ऐसे में बिजली खपत 220 मेगावाट तक पहुंच गई है। ट्रांसमिशन प्रबंधन के अनुसार, बारिश न हाेने से खपत बढ़ी है। बीते साल सितंबर में 170-190 मेगावाट प्रतिदिन बिजली की खपत हो रही थी।
...
कोट
बिजली चोरी रोकने के लिए सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। बिजली चोरी करते हुए पकड़े जाने पर संबंधित पर केस भी दर्ज कराया जा रहा है। जल्द ही लाइन लॉस के 15 प्रतिशत लक्ष्य को हासिल कर लिया जाएगा।
-मनोज कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता, नगरीय