संदिग्ध हाल में विवाहिता की मौत
पैकोलिया(बस्ती)। थानाक्षेत्र के पकड़ी जप्ती गांव में शुक्रवार रात 28 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
रुधौली थानाक्षेत्र के सेहुंड़ाकला गांव निवासी सीताराम पांडेय ने पुलिस को बताया कि 28 वर्षीय बेटी वर्षा की शादी मई 2015 को पैकोलिया थानाक्षेत्र के पकड़ी जप्ती गांव निवासी प्रेमचंद्र मिश्रा उर्फ प्रिंस पुत्र रामजतन मिश्रा के साथ की थी। शादी के कुछ दिन बाद पति उसे लेकर बलरामपुर चला गया और वहीं रहने लगा। वह चीनी मिल में नौकरी करता है। सोमवार को वह पत्नी व दो बच्चों छह वर्षीय प्रांजलि व चार वर्षीय आकर्ष के साथ घर आया था।
शुक्रवार देर रात वर्षा की अचानक तबीयत खराब हुई तो परिजन उसे सीएचसी हर्रैया ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना ससुरालियों ने वर्षा के घरवालों को दी। मायके से पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पैकोलिया थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। एएसपी ने बताया कि मृतका के पति ने पुलिस को वर्षा की तबीयत खराब होने की बात बताई है। वहीं, मायके वाले हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। मायके पक्ष की तहरीर पर पति प्रेमचंद्र मिश्रा के अलावा सास, ससुर व अन्य पर दहेज हत्या व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।