सुनील हत्याकांड : प्रधान के प्रतिनिधि समेत पांच नामजद
लालगंज थाना अंतर्गत डेफरी के पास खेत में बाइक समेत मिला था शव
पंचायत चुनाव के दौरान से चल रही रंजिश के चलते हत्या करने का आरोप
छानबीन में जुटी पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
संवाद न्यूज एजेंसी
बनकटी। लालगंज थाना क्षेत्र के सिसई पंडित निवासी सुनील यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने गांव के प्रधान के प्रतिनिधि समेत पांच लोगों को नामजद किया है।
मृतक के भाई संतोष कुमार यादव की तहरीर पर प्रधान के प्रतिनिधि श्यामवीर यादव, झिनकू, सूर्यपाल, दिनेश चौधरी निवासी सिसई पंडित व दिलीप निवासी डेफरी पर हत्या, बलवा, जान से मारने की धमकी व अपशब्द कहने के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोप है कि चुनाव के दौरान हुई रंजिश के चलते आरोपितों ने 30 वर्षीय सुनील यादव की बाजार से घर जाते समय पुलिया के पास रोककर गला दबा कर हत्या कर दी थी। सुनील यादव का शव बुधवार की रात थाना क्षेत्र के डेफरी व सिसई पंडित के बीच नहर के किनारे बाइक के नीचे मिला था। परिजनों ने गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया है। सिसई पंडित निवासी सुनील यादव अपने चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। पिछले दस साल से सुनील की मां कौशल्या देवी प्रधान रहीं और सुनील उनके प्रतिनिधि के तौर पर जिम्मेदारी संभालते थे। इस बार प्रधानी का चुनाव हराने के बाद से वह अपने बड़े भाई रमन की लालगंज स्थित इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान पर समय देते थे। सुनील के छोटे भाई संतोष कुमार ने तहरीर में लिखा है कि पंद्रह दिसंबर को उनके भाई सुनील एक परिचित के पैर में फ्रैक्चर होने की सूचना पर लालगंज बाजार से दवा लेकर देने गए थे। शाम करीब पौने आठ बजे एक व्यक्ति के साथ लालगंज से गांव लौट रहे थे। आरोप है कि डेफरी के पूरब स्थित पुलिया के करीब डेफरी व सिसई पंडित के पांच लोग पहले से मौजूद थे। आरोप के मुताबिक, उन लोगों ने पंचायत चुनाव के दौरान की रंजिश के चलते सुनील को पुलिया के पास रोक लिया और गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद नहर के बगल खेत में फेंक दिया। संतोष के मुताबिक, घटनास्थल पर उन्हें भी जानमाल की धमकी दी गई। थानाध्यक्ष उमाशंकर तिवारी का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।