बस्ती। जिले के राजकीय इंटर कॉलेजों में नए शैक्षणिक सत्र से विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा का अवसर मिलेगा। कौशल विकास मिशन के तहत राजकीय इंटर कॉलेजों में व्यावसायिक ट्रेड के पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। कक्षा-11 में प्रवेश लेने वाले छात्र छात्राएं अपनी रुचि के अनुसार किसी एक ट्रेड का चयन कर सकेंगे।
इसको लेकर यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने निर्देश जारी किए हैं। योजना का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर ही युवाओं को ऐसा व्यावहारिक कौशल उपलब्ध कराना है, जिनका उपयोग वे आगे चलकर नौकरी या स्वरोजगार के लिए कर सकें। माह अगस्त से शुरू होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम में चयनित विद्यार्थियों को दो वर्षों तक नियमित ट्रेनिंग दी जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान विषय विशेषज्ञों की ओर से सैद्धांतिक ज्ञान के साथ प्रयोगात्मक अभ्यास भी कराया जाएगा। पाठ्यक्रम पूरा करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।
इससे उच्च शिक्षा के साथ रोजगार संबंधी संभावनाओं को भी मजबूती मिलेगी। योजना के माध्यम से विद्यार्थियों में तकनीकी दक्षता और आत्मनिर्भरता विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। यह व्यवस्था नई शिक्षा नीति के अनुरूप लागू की जा रही है। इससे विद्यार्थियों को शुरुआती स्तर पर ही कौशल आधारित शिक्षा का लाभ मिलेगा और वे भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकेंगे। डीआईओएस संजय सिंह ने बताया कि आदेश के अनुपालन कराया जाएगा। इससे छात्रों को लाभ मिलेगा।