बिना नक्शा पास कराए निर्माणाधीन भूखंड को सील करते बीडीए के कर्मी
बस्ती। शहर और आसपास क्षेत्रों में अवैध निर्माण पर बस्ती विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने सख्ती शुरू कर दी है। बिना नक्शा पास कराए निर्माणाधीन भूखंडों पर सख्ती की जा रही। इससे हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि नोटिस के बाद भी कई भूखंड स्वामियों ने नक्शा नहीं पास कराया और निर्माण कार्य जारी रखा। उसके बाद यह कार्रवाई की गई। बीडीए की उपाध्यक्ष डीएम कृतिका ज्योत्सना के निर्देश पर सचिव एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने हाईवे के परसा जाफर के पास बेसमेंट समेत बनी 29 दुकानों को सील किया है। ये भवन बिना नक्शा पास कराए बनाए गए थे।
अधिशासी अभियंता हरिओम गुप्ता की अगुवाई में प्रवर्तन टीम सबसे पहले हाईवे पर परसा जाफर पहुंची। यहां प्राधिकरण से बिना नक्शा स्वीकृत कराए मोहम्मद हुसैन की ओर से बेसमेंट का निर्माण और भूतल पर अवैध निर्माण समेत 29 दुकानों को सील कर दिया। इसके बाद टीम ने आसपास की अन्य दुकानों को भी देखा। कार्रवाई के बाद टीम वहां से लौट आई।
एक्सईएन ने बताया कि बिना प्राधिकरण से नक्शा पास कराए भूखंड पर बेसमेंट व भूतल का निर्माण कराया गया था। प्रवर्तन टीम की कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान लोग एकत्र हो गए थे। बीडीए के सचिव ने कहा कि प्राधिकरण ने सोमवार को 29 भवनों-दुकानों को अवैध करार देते हुए कार्रवाई की है। यह अभियान जारी रहेगा। संवाद