बस्ती। निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाए गए। मतदाता बूथ पर पहुंचे और आवेदन किया। डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना ने हर्रैया और कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्रों के बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने बीएलओ को आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने हर्रैया विधानसभा क्षेत्र के संविलियन प्राथमिक विद्यालय थान्हा खास स्थित बूथ संख्या 406 व 407 और प्राथमिक विद्यालय हर्रैया प्रथम स्थित बूथ संख्या 390 का निरीक्षण किया। कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के कंपोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय स्थित बूथ संख्या 297 व 298 पर पहुंचकर व्यवस्थाएं देखीं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की उपस्थिति, आवेदन प्रक्रिया और मतदाताओं को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि बीएलओ निर्धारित समय पर बूथों पर उपस्थित रहें और मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया के बारे में लोगों को जानकारी दें।
जिलाधिकारी ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन करें। जिन पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल नहीं हैं, वे निर्धारित प्रपत्र भरकर आवेदन कर सकते हैं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।