गौर। बाजार में स्थित एक आभूषण की दुकान में रविवार की रात हुई चोरी की वारदात के बाद से पुलिस सक्रिय हो गई है। मंगलवार को एसपी अभिनंदन स्वयं दुकान पर पहुंचे। उन्होंने दुकान मालिक से वारदात के संबंध में पूरी जानकारी ली। आश्वस्त किया कि बहुत जल्द मामले से पर्दा उठा दिया जाएगा।
गौर थाना के सुजिया गांव निवासी सुभाष सोनी की सराफा की दुकान हैं। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि रविवार की शाम वह दुकान बंद करके घर चले गए थे। सोमवार सुबह जब दुकान खोले तो देखा अंदर सामान बिखरा हुआ है। पीछे के तरफ रोशनदान कटा हुआ मिला। चोर इसी रास्ते दुकान में घुसकर कीमती जेवरात उठा ले गए। सूचना मिलते ही गौर थाने की पुलिस और सीओ हर्रैया स्वर्णिमा सिंह मौके पर पहुंची। दो दिन बाद एसपी भी दुकान पर पहुंचे। कहा कि सभी पहलुओं पर जांच कर जल्द खुलासा किया जाएगा। संवाद