डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस और गोरखपुर-गोंडा पैसेंजर ट्रेन कोहरे के चलते निरस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कोहरे के चलते 20 से अधिक ट्रेनों को या तो निरस्त किया गया है या बदल गए रास्ते। इससे नए साल पर घूमने जाने वालों को हुई परेशानी। निजी बसों के सहारे सफर करते दिखे यात्री। कोहरे के चलते तीस दिसंबर तक पहले से निरस्त चल रही गोरखपुर- गोंडा पैसेंजर ट्रेन को आगामी एक मार्च तक के लिए निरस्त कर दिया गया है। जबकि रेलवे बोर्ड की ओर से डिब्रूगढ़,जनसेवा एक्सप्रेस ट्रेन को एक मार्च तक लिए एवं आनंद विहार साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन को 31 मार्च तक के लिए निरस्त किया गया है।
असम गुवाहाटी से चलकर चंडीगढ़ को जाने वाली डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस व बिहार के बरौनी से चलने वाली जनसेवा एक्सप्रेस के साथ साप्ताहिक आनंद विहार एक्सप्रेस ट्रेन को लंबे समय तक निरस्त कर दिया गया है। ऐसे में इन ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों को अब मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। वही हमसफर साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन को बीच-बीच में निरस्त कर चलाया जा रहा है। जिसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। जबकि बरौनी से चलकर नई दिल्ली को जाने वाली नई दिल्ली- क्लोन स्पेशल एक्सप्रेस 5 घंटे की देरी से चल रही है। वहीं दरभंगा-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन 2 घंटे लेट रही। भीषण ठंड के चलते स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा करने वाली यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। ट्रेनों के निरस्त होने एवं देरी से चलने की वजह से यात्रा करने वाले यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए स्टेशन परिसर व प्लेटफार्म पर इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।