बस्ती सर्विलांस सिपाही की काली करतूत से पांच वर्ष के मासूम की निर्मम हत्या हुए हफ्ता भी नहीं गुजरा कि एक और सिपाही की करतूत सामने आ गई। सिपाही अपनी ब्याहता पत्नी व बच्चे को छोड़कर माशूका संग रह रहा है। पत्नी बच्चे को लेकर जब एसपी के पहुंच गई तो सिपाही ड्यूटी छोड़कर भाग निकला। एसपी ने उसे सस्पेंड कर दिया है।
गोरखपुर जिले के खोराबार थानाक्षेत्र के रामपुर भगत सिंह चौराहे के शिवपुर कॉलोनी निवासी धर्मवीर आरक्षी पद पर पुलिस लाइंस में तैनात हैं। उसकी शादी सरिता रानी से हुई है। दोनों की तीन संतान हैं। सरिता का कहना है कि उसके पति किसी दूसरी महिला के चक्कर में पड़कर न तो उसकी खोज खबर लेते हैं न ही बच्चों की देखभाल ही करते हैं। उसका कहना है कि दो बड़े बच्चों को वह दिल्ली रहने वाले अपने माता पिता के पास छोड़ आई है। सबसे छोटे बच्चे को लेकर वह इन दिनों पुलिस लाइंस के महिला बैरक में रह रही है। उसने डीआईजी को प्रार्थनापत्र दिया है कि उसके पति से वेतन का आधा दिलाया जाए ताकि उसका व बच्चे का भरण-पोषण हो सके। इस बीच सरिता ने एसपी शैलेश पांडेय को आपबीती सुनाई। एसपी ने सिपाही को निलंबित कर दिया है।