भानपुर तहसील पर भाकियू के किसान पंचायत मे किसानो को संबोधित करते एडीएम सुरेश चंद्र शर्मा।
किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू (भानू गुट) ने सोमवार को तहसील परिसर में पंचायत लगाई। स्थानीय प्रशासन के समक्ष दिक्कतें गिनाईं। वरासत मामले में रुपये मांगने का आरोप लगाया। एसडीएम ने कहा कि किसान शिकायत करें त्वरित कार्रवाई होगी।
किसान पंचायत का नेतृत्व करते हुए तहसील अध्यक्ष अयोध्या नाथ तिवारी ने कहा कि ठंड को देखते हुए प्रशासन की ओर से गरीबों में अविलंब कंबल बांटा जाए। आपदा राहत का भुगतान शीघ्र कराया जाए। किसान की मृत्यु के बाद शीघ्र वरासत हो। कोटे की दुकानों से उचित मूल्य पर पूरी मात्रा में राशन दिलाया जाए। पात्र गृहस्थी कार्ड एवं आवासों में पात्रों का प्राथमिकता दी जाए। विधवा, विकलांग पेंशन में सही पात्रों का चयन कराने के साथ ही साथ बड़ी नहरों की ही तरह क्षेत्र की माइनर नहरों की भी सफाई सुनिश्चत कराने की मांग की।
एसडीएम सुरेश चन्द्र शर्मा ने कहा कि कंबल वितरण में बुजुर्गों और विकलांगों को पात्रता के आधार पर प्राथमिकता दी जा रही है। निर्धारित मूल्य पर पूरा राशन न देने वाले कोटेदार व किसान की मृत्यु के पश्चात वरासत के मामले में रुपये मांगने वाले लेखपाल की किसान फौरी तौर पर उनसे शिकायत करें जिससे त्वरित कार्रवाई की जा सके। आवास और पेंशन के लिए ब्लॉक से संपर्क करने की बात कही। माइनर नहरों की सफाई के लिए संबधित विभाग को पत्र लिखने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष मुन्ना पांडेय, मंडल महासचिव रामनरायन चौधरी, सुभाष तिवारी, मोल्हू चौधरी, राम दुलारे गौतम, पतिराम चौधरी, राजेंद्र प्रसाद, शिव प्रसाद मौर्या, शिव सहाय, दिलीप कुमार उपस्थित रहे।