कप्तानगंज थाने में पकड़ा गया गांजा तस्कर। स्रोत- पुलिस
कप्तानगंज। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के अभियान में कप्तानगंज पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने क्षेत्र के चर्चित गांजा तस्कर को तीन किलो 100 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। उसके पास से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार और अन्य सामान भी बरामद हुआ है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने कांवड़ यात्रा को देखते हुए बस्ती-अयोध्या सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत हाईवे और आसपास के संदिग्ध स्थानों पर पुलिस लगातार जांच अभियान चला रही है। थानाध्यक्ष कप्तानगंज आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फरेंदा सेंगर गांव के पास स्थित बाग में एक व्यक्ति गांजा बेचने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से तीन किलो 100 ग्राम गांजा, 970 रुपये नकद और एक एटीएम कार्ड बरामद हुआ। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को भी कब्जे में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज कुमार त्रिपाठी निवासी सरैया मिश्र, थाना कप्तानगंज के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह बाहर से गांजा लाकर क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बिक्री करता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी काफी समय से गांजा तस्करी में सक्रिय था और क्षेत्र में चर्चित तस्कर के रूप में जाना जाता था। थाने में आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।