सल्टौआ पीएचसी : डॉक्टर की सलाह मुफ्त, दवा बाहर से
सल्टौआ (बस्ती)। क्षेत्र की एक लाख आबादी को स्वास्थ्य सेवा के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक की मुफ्त सलाह के अलावा कोई जांच सुविधा मौजूद नहीं है। जबकि बाहर से ही मरीजों को दवाएं लेनी पड़ रही हैं।
पीएचसी सल्टौआ में तीन चिकित्सक तैनात हैं। हर दिन दो से तीन सौ मरीजों की ओपीडी भी है, मगर यहां आने वाले मरीज व उनके तीमारदार निराश होते हैं। क्योंकि चिकित्सक की सलाह के बाद दवा और जांच की सुविधा बाहर से करवाना उन्हें मजबूरी है।
----
बाहर के पैथालॉजी पर मनमाना शुल्क
यहां अस्पताल के आसपास स्थित पैथालॉजी व एक्स-रे केंद्रों पर मनमाना शुल्क लिया जाता है। पैथॉलाजी सेंटरों पर तो बोर्ड चिकित्सकों के है, मगर वास्तविक इससे इतर है। यहां बाहर के सेंटरों पर न तो रेडियोलॉजिस्ट हैं और न ही पैथालोजिस्ट ऐसे में जांच की औपचारिकता अप्रशिक्षित ही पूरी करते हैं।
------
बोले, ग्रामीण
पीएचसी पर इलाज कराने आए क्षेत्र के सुभई गांव निवासी मनोज ने बताया कि डॉक्टर ने जो दवा लिखी है उसे बाहर से करीब सात सौ पचास रुपये की दवा खरीदनी पड़ी है। रामपुर मुडरी निवासी संतोष बुखार का इलाज कराने पीएचसी पहुंचे थे। बताया कि डॉक्टर को दिखाने के बाद चिकित्सालय से छिटपुट दवाएं मिलीं, मगर बाहर से करीब चार सौ रुपये की दवाएं खरीदनी पड़ी।
बोले, चिकित्साधिकारी
प्रभारी चिकित्साधिकारी आनंद कुमार मिश्रा ने बताया कि जो दवाएं अस्पताल में हैं वह मरीजों को दी जाती हैं। यदि जरूरत पड़ती है तभी बाहर की दवाएं लिखी जाती हैं। रही एक्स-रे अल्ट्रासाउंड व पैथॉलोजिकल जांच की बात तो जांच यहां उपलब्ध नहीं है। ऐसे में मरीजों को निशुल्क जांच के लिए जिला मुख्यालय के लिए भेजा जाता है।