शिक्षक संघ की बैठक में उठा उत्पीड़न का मुद्दा
बस्ती। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की शनिवार को प्रेस क्लब सभागार में हुई बैठक में शिक्षकों के उत्पीड़न का मुद्दा छाया रहा। बैठक में संगठन के पुनर्गठन पर भी विचार किया गया।
संघ जिलाध्यक्ष उदयशंकर शुक्ल ने कहा कि संगठन की मजबूती से ही शिक्षकों की समस्याओं का प्रभावी समाधान होगा। तेजी के साथ ब्लॉक स्तर पर शिक्षकों से संपर्क कर पदाधिकारी सदस्यता अभियान चलाएं। इसके बाद नियमानुसार तिथि निर्धारित कर अधिवेशन और पदाधिकारियों का चुनाव कराया जाएगा। अति शीघ्र शिक्षकों की समस्याओं से उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर उनका प्राथमिकता से निराकरण कराया जाएगा। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर शिक्षकों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।
बैठक में संघ के जिला मंत्री राघवेंद्र प्रताप सिंह, अभय सिंह यादव, विजय प्रकाश चौधरी, शैल कुमार शुक्ल, महेश कुमार, सूर्य प्रकाश शुक्ल, रीता शुक्ल, संतोष शुक्ल, राजकुमार सिंह, ज्ञान प्रताप उपाध्याय, चंद्रभान चौरसिया, रामभरत वर्मा, अभिषेक उपाध्याय, देवेंद्र वर्मा, विनय कुमार करुण, विनोद कुमार यादव, उमाशंकर त्रिपाठी, त्रिलोकीनाथ आदि मौजूद रहे।