डुमरियागंज नगर के खीरा मंडी चौराहे पर हरी सब्जियों की बिक्री करता फुटकर विक्रेता। संवाद
शाहपुर। सहालग सीजन में सब्जियों की मांग बढ़ने के साथ ही सब्जियों के दाम भी बढ़ गए। इससे रसोई का बजट गड़बड़ा गया। अब मंडी में लोकल किसानों की सब्जियों की आवक बढ़ते ही बाजार में स्थिरता आने के साथ ही सब्जियों के दाम में भी कमी आई है।
पिछले हफ्ते 150 रुपए प्रति किलो बिकने वाली शिमला मिर्च घटकर 100 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है। करेला भी 120 रुपये किलो से घटकर 100 रुपये प्रति किलो में बिक रहा है।
सब्जी के कारोबारियों की मानें तो बीते सप्ताह के सापेक्ष इस सप्ताह सब्जियों के दाम में घटने के पीछे का कारण आसपास के क्षेत्रों में फसल तैयार हो जाना है। दूसरे राज्यों से मंडी में सब्जियों की आवक हो रही थी, जिसके चलते बाजारों में हरी सब्जियों महंगी बिक रही हैं, लेकिन लोकल किसानों के किसानों की हरी सब्जियों के फसल की मंडी में आवक बढ़ते ही कई सब्जियों के भाव में गिरावट देखने को मिल रही है। शिमला मिर्च के दाम में भी 50 फीसदी की कमी देखने को मिली है।
भिंडी के दाम भी 80 रुपये प्रति किलो से घटकर 60 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। पिछले सप्ताह करेले के दाम भी दोगुना हो गए थे, जिसके दाम में 120 से घटकर अब 100 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं।
फुटकर सब्जी विक्रेता बिस्मिल्लाह ने कहा मंडी में लोकल किसानों के हरी सब्जियों की आवक बढ़ते ही कई सब्जियों के दाम में काफी कमी आई है। सप्ताह के अंत तक और कमी देखने को मिल सकती है।ं