खैर क्रिकेट ग्राउंड पर मैच के दौरान खिलाड़ी स्रोत आयोजक
बस्ती। खैर इंटर कॉलेज के क्रिकेट मैदान पर शनिवार को अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता में सिद्धार्थनगर की गौतम बुद्ध क्रिकेट अकादमी और बस्ती स्टेडियम की टीम के बीच मुकाबला हुआ। सिद्धार्थनगर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बस्ती स्टेडियम को 171 रन से करारी शिकस्त दी। शानदार गेंदबाजी करने वाले आशीष चौधरी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
35 ओवर के निर्धारित मुकाबले में गौतम बुद्ध क्रिकेट अकादमी सिद्धार्थनगर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने 33.5 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 251 रन बनाए। अक्षय सिंह ने 55 रन, मनीष यादव ने 44, रंजीत ने 34 और रोहन ने 33 रन का योगदान दिया। बस्ती स्टेडियम की ओर से खालिद ने तीन विकेट लिए, जबकि अभय, देवी प्रसाद और संस्कार ने दो-दो विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बस्ती स्टेडियम की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पूरी टीम 14.1 ओवर में 80 रन पर ऑलआउट हो गई। आदित्य शर्मा ने 14, यश ने 11, अभय ने नौ और राज शर्मा ने पांच रन बनाए।
सिद्धार्थनगर की ओर से आशीष चौधरी ने घातक गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके। शिवांशु, सलमान, अक्षत और उत्कर्ष को एक-एक विकेट मिला। पांच विकेट लेने वाले आशीष चौधरी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। कोच आलोक वर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।