बस्ती। अयोध्या, आजमगढ़ और प्रयागराज में होने वाली प्रदेश स्तरीय एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल और कबड्डी प्रतियोगिताओं में बस्ती की टीमें हिस्सा लेंगी। इसके लिए खिलाड़ियों के चयन-ट्रायल का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। जिला और मंडल स्तर पर होने वाले ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों को प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए टीम में शामिल किया जाएगा।
क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि प्रयागराज में आठ और नौ सितंबर को प्रदेश स्तरीय महिला एथलेटिक्स एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके लिए जिला स्तरीय चयन-ट्रायल एक सितंबर और मंडल स्तरीय ट्रायल दो सितंबर को शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम में होगा। आजमगढ़ में 11 से 14 सितंबर तक प्रदेश स्तरीय समन्वय सब जूनियर बालक बास्केटबॉल प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके लिए जिला स्तरीय चयन-ट्रायल एक सितंबर और मंडल स्तरीय ट्रायल दो सितंबर को शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम में होगा।
वहीं, अयोध्या में सात से नौ सितंबर तक प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता होगी। इसके लिए जिला स्तरीय चयन-ट्रायल 31 अगस्त और मंडल स्तरीय ट्रायल एक सितंबर को शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम में कराया जाएगा। एथलेटिक्स और बैडमिंटन के खिलाड़ियों की आयु 25 वर्ष से कम होनी चाहिए। सब जूनियर बालक बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों की आयु की गणना 31 दिसंबर 2012 के आधार पर की जाएगी। चयन-ट्रायल में सफल खिलाड़ियों को संबंधित प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए बस्ती की टीम में जगह मिलेगी।