लालगंज थाने को कराया गया सैनिटाइज।
- फोटो : BASTI
लालगंज थाने के एसआई कोरोना पॉजिटिव, थाना सील
थानेदार समेत पूरे स्टाफ को किया गया क्वारंटीन
बस्ती। जिला अस्पताल के ट्रूनेट मशीन से कराई गई जांच में जिले के लालगंज थाने के एक एसआई की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। उसकी ड्यूटी ओपेक चिकित्सालय कैली में थी। एसपी हेमराज मीणा ने एसआई के पॉजिटिव पाए जाने के बाद थानेदार समेत 44 स्टाफ को क्वारंटीन कर दिया है। थाने को सील भी किया गया है। मुंडेरवा के थानेदार को उक्त थाने की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उधर, बीआरडी मेडिकल कॉलेज से बुधवार को 476 लोगों की आई जांच रिपोर्ट निगेटिव पाई गई। इसके अलावा तीन संक्रमितों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई। एसपी हेमराज मीणा ने बताया कि कोरोना प्रोटोकॉल के तहत थाने के समस्त स्टाफ को सात दिन तक क्वारंटीन रहने के निर्देश दिए गए हैं। थाना क्षेत्र में गश्त के लिए अलग से पुलिस टीमों का प्रबंध किया गया है। सीओ सिटी गिरीश को क्वारंटीन कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबकि डीएम आशुतोष निरंजन के मुताबिक बुधवार को आई रिपोर्ट के बाद जिले में संक्रमितों की संख्या 370 है। 328 लोग डिस्चार्ज किए जा चुके हैं। एक्टिव केस 27 हैं। अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है।