आरोपी अजीत से बड़ेवन में नवंबर में हुई थी लड़ाई
उसी रंजिश में सहवाग को ठिकाने लगाने की कसम खाए थे आरोपी
सैलून कारीगर पर गोली चलाने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के बंजरिया कृषि फार्म के पास शुक्रवार को एकत्र होकर गुड्डू, आदित्य और अजीत ने योजना बनाई थी कि आज सहवाग गौतम का खेल खत्म कर देना है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि आदित्य, गुड्डू व अजीत यादव तीनों दोस्त हैं। नवंबर में अजीत यादव बड़ेवन आया था। उसका विवाद बड़ेवन के सहवाग से हो गया था। सहवाग व उसके साथियों ने उसे मारापीटा था। इस बात को लेकर इन तीनों आरोपियों ने कसम खाई थी कि सहवाग को ठिकाने लगा देंगे। उसी क्रम में शुक्रवार को बंजरिया फार्म के आसपास तीनों इकट्ठा हुए।
तीनों ने मिलकर सहवाग से बदला लेने तथा जान से मारने का प्लान बनाया। चूंकि अजीत यादव को बड़ेवन में लोग जानते थे तो उसका नाम प्रकाश में आ जाता। इसलिए उसने अपने साथियों गुड्डू उर्फ मो. समीम तथा आदित्य चौधरी को काम को अंजाम देने तथा खाने-पीने के लिए पांच सौ रुपये देकर भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, दोपहर तीन बजे के आसपास अजीत यादव के प्लान के मुताबिक आदित्य चौधरी और गुड्डू बाइक से निकले। गाड़ी आदित्य चला रहा था तथा गुड्डू उर्फ मोहम्मद शमीम पीछे बैठा था। दोनों ब्लॉक रोड पर आकर सहवाग गौतम की उसके सैलून पर रेकी की। सैलून पर भीड़ होने के कारण काम नहीं बना तो रुक कर रास्ते में उसके आने का इंतजार करने लगे।
थोड़ी देर बाद जब सहवाग दुकान से घर आ रहा था तो रास्ते में आदित्य ने बाइक रोककर सहवाग से पूछा कि तुमसे ही अजीत भाई का विवाद हुआ था। सहवाग जब तक कुछ समझ पाता तब तक पीछे बैठे गूड्डू उर्फ मोहम्मद शमीम अपने हाथ में लिए तमंचे से सहवाग पर फायर कर दिया।