संवाद न्यूज एजेंसी कप्तानगंज (बस्ती)। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कोइलपुरा गांव मे दो माह पहले किशोर के खुदकुशी करने के मामले में तत्कालीन एसएचओ दीपक कुमार दुबे को क्लीनचिट मिल गई है। जबकि दो सिपाहियों पर कार्रवाई की तलवार लटक रही है।
जांच अधिकारी सीओ हर्रैया संजय सिंह ने बताया कि तत्कालीन एसएचओ की मामले में कोई भूमिका नहीं पाई गई। जांच के क्रम में आरोपी सिपाहियों की महाकुंभ में ड्यूटी लगने के कारण उनमें से अभी एक सिपाही का बयान नहीं हो पाया है। उसके बयान के बाद जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी जाएगी। संतकबीरनगर जिले के बेलहर थाना क्षेत्र का रहने वाला एक किशोर कप्तानगंज थाना क्षेत्र मे अपने ननिहाल में रहकर पढ़ता था। उसके साथ पड़ोस की एक छात्रा पढ़ती थी। 20 दिसंबर 24 को छात्रा का जन्मदिन था। आरोप है कि छात्रा के फोन करने पर किशोर उसके घर पर केक काटने गया था। देर रात छात्रा के भाई ने उसे फोन कर बुलाया और गांव के दो लोगों के साथ उसके साथ दुर्व्यवहार किया।
आरोप है कि थाने में तहरीर देने पर हल्के के दो सिपाहियों ने दूसरे दिन आरोपियों को थाने पर बुलाया रुपये लेकर छोड़ दिया। 23 दिसंबर को पीड़ित किशोर ने खुदकुशी कर ली।
इसके बाद काफी हंगामा हुआ और परिजन किशोर का शव लेकर एसपी कार्यालय में पहुंच गए थे। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद एसएचओ को निलंबित कर जांच सीओ हर्रैया संजय सिंह को सौंपी गई थी।