बस्ती। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज के बहुउद्देशीय हाल में मंगलवार को बस्ती में गो सेवा आयोग उपाध्यक्ष महेश शुक्ला, कमिश्नरी अखिलेश सिंह और डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना की मौजूदगी में शिक्षामित्र सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इसके साथ ही देश स्तर पर आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा एवं सुना गया। गो सेवा आयोग उपाध्यक्ष महेश शुक्ला ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षामित्रों के हितों के प्रति पूर्णतः संवेदनशील है और उनके योगदान को सम्मान देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कमिश्नर अखिलेश सिंह ने कहा कि मानदेय वृद्धि से शिक्षामित्रों का मनोबल बढ़ेगा और वे और अधिक समर्पण के साथ शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में अपनी भूमिका निभाएंगे। डीएम कृत्तिका ज्योत्सना ने कहाकि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में शिक्षा मित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी शिक्षामित्रों से अपेक्षा की कि वे बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए पूरी निष्ठा और लगन से कार्य करते रहें।
भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र व जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी ने शिक्षामित्रों की भूमिका को शिक्षा व्यवस्था की नींव बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। इस अवसर पर शिक्षामित्रों को 18,000 के बढ़े हुए मानदेय का डेमो चेक वितरित किया गया और उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षामित्रों को सम्मानित किया गया।