कप्तानगंज/बस्ती। क्षेत्र के मस्जिदिया गांव के रहने वाले मनोज मणि त्रिपाठी 45 वर्ष की करचोलिया गांव स्थित समय माता मंदिर के निकट तीन मई की सुबह खून से लथपथ शव मिला था। उनकी गला रेत कर हत्या की गई थी। पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया है।
आरोपियों ने पांच लाख रुपये न देना पड़े इस वजह से मनोज की गला रेत कर हत्या कर दी थी। इस मामले में दो आराेपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, बाइक, पिकअप व अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय प्रस्तुत करते हुए जेल रवाना कर दिया।
पुलिस लाइन में घटना का खुलासा करते हुए एएसपनी श्यामकांत ने बताया कि कप्तानगंज क्षेत्र के मस्जिदिया गांव के रहने वाले मनोज मणि त्रिपाठी 45 वर्ष की करचोलिया गांव स्थित समय माता मंदिर के निकट रविवार की सुबह खून से लथपथ शव मिला था। उनकी गला रेत कर हत्या की गई थी। मनोज की पत्नी कुमकुम त्रिपाठी की तहरीर पर थाना क्षेत्र के जलेबीगंज निवासी शिवम एवं अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस मामले की पुलिस जांच कर रही थी। इसी दौरान सीसीटीवी फुटेज, सीडीआर आदि के माध्यम से पुलिस ने सफलता हासिल की। इसके बाद आरोपी शिवम गुप्ता और ऋषभ मिश्रा उर्फ राज मिश्रा को मंगलवार को फरेंदा सेंगर बगीचे के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने हत्या की बात कबूल की और बताया कि पैसे के लेन देन को लेकर मनोज की हत्या की थी। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, बाइक, पिकअप और खून से सना कपड़ा बरामद किया गया है। आराेपियों को न्यायालय प्रस्तुत करते हुए जेल रवाना कर दिया गया।