बस्ती। सेक्टर अधिकारी निर्वाचन की तैयारियों को परखेंगे। इस दौरान लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। सेक्टर ऑफिसर और सेक्टर पुलिस अधिकारियों को अपने आवंटित क्षेत्रों में मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं। शनिवार को अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण में अधिकारियों को प्रशासन व पुलिस के बीच समन्वय के संबंध में जानकारी दी गई।
अधिकारियों को क्षेत्रीय भ्रमण कर मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने को कहा गया। किसी भी प्रकार की कमी मिलने पर संबंधित अधिकारियों को सूचना देकर समय से उसका निराकरण कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में सेक्टर ऑफिसर और सेक्टर पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सभी अधिकारी निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन करें और अपने क्षेत्र की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां पूरी रखें।
निर्वाचन से जुड़ी किसी भी समस्या या सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने के साथ प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सभी अधिकारी निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निर्वाचन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना सुनिश्चित करें। प्रशिक्षण में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चंद्र गुप्ता, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी मानसी दहिया, जॉइंट मजिस्ट्रेट अपूर्वा सिंह, नौशीन, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, प्रद्युम्न कुमार, अहमद फरीद खान, हिमांशु कुमार और उमाकांत तिवारी मौजूद रहे।