वॉल्टरगंज। जनपद के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सल्टौआ ब्लॉक रोड पर बृहस्पतिवार को सुबह शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई।
यहां क्षेत्र के लक्ष्मणपुर के चल रहे निजी स्कूल वाहन बीच सड़क पर अचानक खराब हो गई। वाहन को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए स्कूली वाहन के चालक ने मानवीय संवेदनाओं को ताक पर रखकर छोटे बच्चों को ही धक्का लगाने के काम में झोंक दिया। जिस पर राहगीरों ने एतराज जताया तो चालक उनके साथ भी अभद्रता पर उतारू हो गया। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सल्टौआ ब्लॉक मार्ग काफी व्यस्त रहता है। यहां पर वाहनों की आवाजाही अधिक है। हैरानी की बात यह है कि इस व्यस्त सड़क पर प्राथमिक कक्षाओं के छात्र भारी वाहन को धक्का दे रहे थे, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।
इस मामले से यह साबित होता है कि निजी स्कूलों के वाहनों की खस्ताहाल फिटनेस और प्रबंधन का क्या हाल है। इसमें विद्यालय प्रबंधन की घोर लापरवाही भी उजागर हुई है। जब चालक बच्चों को वैन को धक्का दिलवा रहा था तो उस समय कुछ लोगों ने एतराज जताया तो चालक लोगों के साथ अभद्रता करने लगा। राहगीरों ने इसकी शिकायत विद्यालय के प्रबंधक से फोन करके की।
इस संबंध में विद्यालय प्रबंधक विनय चौधरी ने बताया कि वाहन चालक के खराब ईंधन डलवाने के कारण गाड़ी बंद हो गई थी। सड़क पर जाम न लगे इसलिए बच्चों की मदद से वाहन को किनारे लगवाया गया था।