संवाद न्यूज एजेंसी बभनान (बस्ती)। बभनान के गौर थाना क्षेत्र से सटे पड़ोसी जिला गोंडा के बिछिया डाड गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई संगीता की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। मौत का कारण सिर और गर्दन पर गहरा चोट होना बताया जा रहा है। मामले में पुलिस ने हत्या की धारा में केस दर्ज कर छानबीन में जुड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात 45 वर्षीय संगीता गंभीर हालत में गांव स्थित ईंट-भट्ठा के पास खून से लथपथ पाई गई थी। उसके के कान के नीचे व गर्दन पर गंभीर चोट के निशान पाए गए थे। परिजन उसे नगर पंचायत बभनान के एक प्राइवेट अस्पताल ले गए थे, जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार को संगीता के भाई के तहरीर पर खोड़ारे पुलिस ने अज्ञात पर हत्या की धारा में केस दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गई है।
संगीता के पति का पहले ही निधन हो चुका है। उसके दो पुत्र बाहर रोजी-रोटी कमाते हैं। जबकि घर पर वह अपने दो बेटियों के साथ रहती थी। संगीता के भाई सुभाष पुत्र रामदेव निवासी ग्राम सकदरपुर थाना छपिया जनपद गोंडा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शनिवार की शाम करीब 5:30 बजे उसकी बहन संगीता घर से उत्तर दिशा में लकड़ी लेने गई थी। देर शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटी तो स्वजन उन्हें खोजने लगे।
जब उसकी भांजी निशा मां को खोजते हुए भट्ठे के पास पंहुची तो वहां का नजारा देख दंग रह गई । उसकी मां खून से लथपथ होकर अचेत अवस्था में वहां पड़ी हुई थीं। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी लोहे के औजार से सिर और गर्दन में गहरी चोट होने की वजह से मृत्यु बताया गया है।