संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर के मड़वानगर मोहल्ले में पैदल जा रहे सैलून पर काम करने वाले युवक को बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मार दी। सीने के दाहिनी तरफ गोली लगते ही युवक गिर पड़ा।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए। बदमाश असलहा लहराते हुए फरार हो गए। सूचना मिलते ही एसपी अभिनंदन समेत कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। आनन-फानन घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, बड़ेवन निवासी 25 वर्षीय सहवाग मड़वानगर स्थित एक सैलून में ्काम करता है। उसकी मां दुर्गावती ने बताया कि शुक्रवार को वह खाना खाने घर आ रहा था। डाॅ. रमेश चंद्र श्रीवास्तव की गली में पहुंचने पर बाइक सवार तीन बदमाश पहुंचे। उसे रोककर उनमें से एक ने तमंचे से फायर झोंक दिया।
एसपी अभिनंदन ने बताया कि सहवाग का कुछ दिन पहले कप्तानगंज के रहने वाले अजीत यादव और सुंदरम यादव से विवाद हुआ था। इन लोगों के बीच में मारपीट हुई थी।
उसी रंजिश को लेकर दोनों ने इस घटना को अंजाम दिया। घायल ने भी बयान में पुलिस को उन दोनों के अलावा विशाल आर्य का नाम लिया है। एसपी के मुताबिक आरोपियों की तलाश के लिए टीमें लगा दी गई हैं।