12 अक्तूबर को होने वाली बस्ती मैराथन का लांच किया गया पोस्टर। संवाद
बस्ती। नेशनल एसोसिएशन ऑफ यूथ की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली बस्ती मैराथन दौड़ के चौदहवें संस्करण का पोस्टर विमोचन शनिवार को सर्किट हाउस में हुआ। धावक यहां 12 अक्तूबर को दौड़ लगाएंगे।
वरिष्ठ समाजसेवी जगदीश शुक्ल ने कहा कि बस्ती मैराथन जिले के गौरव का प्रतीक बन चुकी है। उन्होंने कहा, इस आयोजन ने न केवल युवाओं को खेलों से जोड़ने का कार्य किया है, बल्कि समाज में स्वास्थ्य, नशामुक्ति और स्वच्छता का संदेश भी पहुंचाया है। यह प्रयास आने वाली पीढ़ियों को एक नई दिशा देने वाला है।वरिष्ठ समाजसेवी गुलाब सोनकर ने अपने विचार रखते हुए कहा कि यह आयोजन जिले के युवाओं की प्रतिबद्धता और ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने कहा, मैराथन ने बस्ती के खेल-संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। आज यह सिर्फ खेल का नहीं बल्कि सामाजिक जागरूकता का महाआयोजन बन चुका है।
युवा समाजसेवी अंकुर वर्मा ने कहा कि बस्ती मैराथन ने जिले के प्रत्येक नागरिक को जोड़ने का काम किया है।