शुकुलपुरा में कोटेदार के विवाद को लेकर जुटे गांव के लोग-
फोओ शुकुलपुरा का मामला : फाड़े गए अभिलेख प्रस्ताव, समर्थकों ने ब्लॉक पर किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
दुबौलिया। शुकुलपुरा के पंचायत भवन परिसर में कोटेदार के चयन को लेकर बृहस्पतिवार को बैठक के दौरान बवाल हो गया। अभिलेख फाड़ दिए गए। इस दौरान लोगों ने ब्लाक का घेराव किया। इस दौरान आवेदक गंगा प्रसाद को हिरासत में ले लिया।
पंचायत भवन परिसर में ग्राम प्रधान बेचनराम की अध्यक्षता में शुरू हुई बैठक में कोटा चयन के उम्मीदवारों से आवेदन मांगा गया । इसमें गंगा प्रसाद तिवारी और जीतेंद्र शुक्ला ने आवेदन किया। बैठक में ग्रामीणों का प्रस्ताव पर हस्ताक्षर और अंगूठा लेना शुरू हुआ ही था कि गंगा प्रसाद के समर्थकों की ओर से आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए। गंगा प्रसाद ने नाबालिग और बाहरी लोगों को बैठक से हटाने की मांग की। ब्लाॅक कर्मियों के मांगों पर ध्यान न देने पर गंगा प्रसाद व उनके समर्थकों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया और अभिलेख प्रस्ताव को फाड़ दिए। मामले में पुलिस ने गंगा प्रसाद काे हिरासत में ले लिया।
इस पर गंगा प्रसाद के समर्थकों ने ब्लाॅक पर पहुंच कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष जीतेंद्र सिंह ने धरना दे रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। मगर, वे कोट चयन की तिथि और स्थान परिवर्तन की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान जीतेंद्र शुक्ल के समर्थक की ब्लाॅक मुख्यालय पर मौजूद रहे।
खंड विकास अधिकारी संदीप सिंह की ओर से कोट चयन की अगली तिथि निर्धारित कर कोटा चयन प्रक्रिया शुरू कराने के आश्वासन के बाद धरना खत्म हुआ।
अभिलेख फाड़ने के मामले में ग्राम पंचायत सचिव श्याम बिहारी वर्मा व ग्राम प्रधान बेचनराम ने तहरीर दी है। खंड विकास अधिकारी संदीप सिंह ने बताया किकोटा चयन के लिए अगली बैठक फिर से निर्धारित की जाएगी। थानाध्यक्ष जीतेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। आरोपी को हिरासत में लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।