घर में महिला को बंधक बनाकर लूटपाट
बनकटी (बस्ती)। लालगंज थाना क्षेत्र के मरवटिया गांव में छत के रास्ते घर में घुसे बदमाशों ने महिला को बंधक बनाकर जेवरात और पांच हजार नकद रुपये लूट लिए। किसी तरह बंधा हाथ-पांव खोलकर महिला ने शोर मचाया, तब परिवार के लोगों को घटना की जानकारी हुई।
बृहस्पतिवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे पुलिस को सूचना मिली। सीओ रुधौली धनंजय सिंह कुशवाहा व एसओ लालगंज राजकुमार पांडेय मौके पर पहुंचे।
मरवटिया निवासी नेहा ने बताया कि उसके पति गुजरात में नौकरी करते हैं। बुधवार बरामदे में सास, देवर एक तरफ और दूसरी तरफ ससुर सोए थे। जबकि वह अपने कमरे में सोई थी। नेहा के अनुसार, रात करीब 11 बजे वह छत पर बाथरूम में गईं। लौट कर जैसे ही कमरे में पहुंची, तभी किसी ने पीछे से मुंह दबाकर पकड़ लिया। एक और व्यक्ति ने नेहा का हाथ-पैर तथा मुंह कपड़े से बांधकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। अलमारी की चाबी मांगने से इनकार करने पर किसी दूसरी चाभी से अलमारी खोल ली।
फिर अंदर रखे चार सोने के कंगन, आठ अंगूठी, एक हार, बिंदिया, लॉकेट और पांच हजार रुपये नगदी लेकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद वह अपने बंधे हाथ को खोली और बरामदे में सो रही सास और देवर को जानकारी दी। परिवार के लोग अंदर कमरे में जाकर देखा तो अलमारी का सामान बिखरा पाया। इसी दौरान डायल 112 पर फोन कर सूचना दी गई। सीओ का कहना है कि पुलिस सभी पहलुओं पर छानबीन कर रही है।