फोरलेन पर रोडवेज बस रेलिंग से टकराई, नौ यात्री घायल
महराजगंज (बस्ती)। गोरखपुर से लखनऊ जा रही रोडवेज बस शनिवार देर रात फोरलेन पर कप्तानगंज थाने के महराजगंज चौकी के तेलियाडीह के पास आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर की रेलिंग को तोड़ते हुए सर्विस रोड की तरफ लटक गई। यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद दौड़े और उन्हें बाहर निकाला। घटना में बस चालक व परिचालक समेत 9 यात्री घायल हो गए। कई यात्री चोट लगने के कारण खून से लथपथ थे।
चारबाग लखनऊ डिपो की बस शनिवार देर रात गोरखपुर से लखनऊ जाने के लिए रवाना हुई। बस में करीब 38 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि कप्तानगंज थाने के तेलियाडीह गांव के पास बस आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकराकर बेकाबू हो गई। इसके बाद फ्लाईओवर पर लगी रेलिंग से टकराते हुए सर्विल लेन की तरफ हवा में लटकने लगी। अचानक तेज झटका लगने से अंदर सवार यात्री चीखने-चिल्लाने लगे। चीख-पुकार सुन महराजगंज कस्बे के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
घटनास्थल पर कुछ देर तक अफरा-तफरी मची रही। सूचना पर महराजगंज चौकी के सिपाही भी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाने के प्रयास में जुट गए। प्रभारी निरीक्षक कप्तानगंज सत्येंद्र कुंवर, एसएसआई गौरव सिंह पुलिस टीम के साथ सीएचसी पहुंच गए। एक साथ दर्जन भर से अधिक यात्रियों के देर रात अस्पताल पहुंचने से यहां भी कुछ देर तक अफरातफरी मची रही। प्राथमिक उपचार के बाद महिला समेत अन्य घायलों को चिकित्सक ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया जिनमें चालाक अख्तर हुसैन (45) निवासी अमौसी एयरपोर्ट लखनऊ, परिचालक कपिलदेव राम (40) निवासी अब्बूपुर थाना कोयागंज मऊ, सूर्यनारायण (30) निवासी बसरही खाना, चौरीचौरा गोरखपुर, शैलेंद्र गौड़ (35) निवासी रुद्रपुर खजनी देवरिया, विजय प्रकाश गिरी (32) निवासी छिछैना जिला आजमगढ़, धर्मवीर सिंह (29) निवासी डोमा खास थाना निचलौल महराजगंज, शालिनी (30) पत्नी गोपीचंद निवासी गोरखपुर, मोन्टू कश्यप (32) निवासी पॉलिटेक्निक रोड लखनऊ, ओंकार सिंह (37) निवासी कुसमौर थाना नगर जनपद बस्ती आदि शामिल रहे।