दक्षिण दरवाजा चौराहे पर वाटर सप्लाई पाइप में इंटरकनेक्शन के लिए खुदाई करते कर्मी संवाद
बस्ती। शहर के रोडवेज-दक्षिण दरवाजा सड़क पर मंगलवार को जलापूर्ति पाइपलाइन में इंटर कनेक्शन के लिए जलकल कर्मचारियों ने बीच सड़क में खोदाई कर छोड़ दिया। इससे एक लेन से आवागमन बंद कर देना पड़ा। लेन बंद होने से वाहनों की लंबी कतार लग गई, घंटों लोग जाम में जूझते रहे।
हुआ यह कि नगर पालिका में आईजीआरएस पर शिकायत हुई कि मुरलीजोत के कुछ हिस्से में जलापूर्ति ठप है। नई लाइन से पुरानी पेयजल लाइन को कनेक्ट नहीं किया गया है, ऐसे में सप्लाई ठप है। ईओ नगर पालिका अंगद गुप्ता के निर्देश पर पालिका कर्मी जलकल की टीम को लेकर मौके पर पहुंचे।
मुख्य पाइपलाइन से नई लाइन को कनेक्ट करने के लिए बीच सड़क पर खोदाई शुरू कर दिए। इससे एक लेन पर आवागमन ठप हो गया। इससे राहगीर, स्कूली वैन, स्कूली बच्चे समेत अन्य लोग घंटों जूझते रहे। वहीं, कुछ देर के लिए जलापूर्ति भी प्रभावित रही।
बताया गया कि शाम छह बजे तक इंटरकनेक्शन करके गड्ढे की पटाई कराई जा रही थी। जेई जलकल अर्चना कुमारी ने बताया कि मुख्य पाइनलाइन 14 इंच से साइड में बिछाई गई छह इंच की लाइन में इंटरकनेक्शन कर दिया गया है।
मुख्य लाइन से जलापूर्ति बहाल है, जल्द ही उससे भी आपूर्ति बहाल हो जाएगी। रोडवेज से दक्षिण दरवाजा, मंगलबाजार, स्टेशन रोड और जिला अस्पताल रोड पर जाम लगा रहा। ट्रैफिक इंस्पेक्टर कुलदीप त्रिपाठी ने बताया कि खुदाई के चलते एक लेन बंद करना पड़ा। यातायात सुचारू के लिए ट्रैफिक कर्मचारियों को लगाया गया था।