बस्ती। सड़क व पेयजल से जुड़ी 11 परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। इन पर 2.76 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। परियोजनाओं में रुधौली डाक बंगले में चार अपार्टमेंट का निर्माण, पंप नहर का सुदृढ़ीकरण, विद्यालय और छात्रावास में सुविधाओं का विस्तार तथा गांवों में सीसी सड़क और खड़ंजा निर्माण शामिल है। संबंधित विभागों ने कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। कार्यदायी संस्थाओं को सभी काम तीन माह में पूरे कराने का लक्ष्य दिया गया है।
सबसे अधिक 1.79 करोड़ रुपये रुधौली डाक बंगले में चार अपार्टमेंट के निर्माण पर खर्च होंगे। लोक निर्माण विभाग की ओर से बनने वाले इन अपार्टमेंट में दो वीआईपी और दो सामान्य श्रेणी के होंगे। वहीं, लंगड़ी पंप नहर के मुख्य शीर्ष के चारों ओर सुरक्षा और मरम्मत से जुड़े कार्यों के लिए 32.75 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें पिलर, फेंसिंग, सपोर्टिंग वॉल, ढलान, एप्रन, इंटरलॉकिंग, गेट और रेलिंग लगाने के साथ पंप हाउस की पेंटिंग, प्लेटफॉर्म और बोल्डर पिचिंग का काम होगा।
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की ओर से नौ परियोजनाओं का काम कराया जाएगा। राजकीय इंटर कॉलेज परिसर स्थित पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के छात्रावास में आरओ और वाटर कूलर लगाने पर 1.28 लाख रुपये खर्च होंगे। डीएम आवास परिसर में पहले से निर्मित शौचालय के पास अतिरिक्त सेप्टिक टैंक बनाने के लिए 81 हजार रुपये स्वीकृत हुए हैं। दुबौलिया के देवनाथपुर में केंद्रीयकृत वाहन यार्ड के संचालन के लिए दो लाख 67 हजार रुपये से गार्ड रूम बनेगा। पीएमश्री कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय परसा जागीर में छात्र-छात्राओं के लिए चार लाख तीन हजार रुपये से साइकिल स्टैंड का निर्माण होगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बढ़ाने के लिए पांच स्थानों पर सड़क निर्माण के कार्य भी स्वीकृत हुए हैं। बरहुआ खरहरा में काली माता मंदिर से आंबेडकर पार्क तक 12.76 लाख रुपये से सीसी रोड बनेगी। दरियापुर जंगल से सोनहटिया होते हुए तुलसीपुर तक अवशेष हिस्से में 9.33 लाख रुपये से मिट्टी और खड़ंजा का काम होगा। पकरीजई-छपिया रघुवंश मार्ग के अवशेष हिस्से में नहर के दोनों तरफ 9.45 लाख रुपये से सीसी सड़क बनेगी। छपिया मुख्य मार्ग से दक्षिण नहर की पटरी पर 14.25 लाख रुपये और तेनुआ असनहरा में राम-लक्ष्मण मंदिर से मार्ग तक 9.73 लाख रुपये से निर्माण कार्य कराया जाएगा। इन सभी परियोजनाओं के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कोट :: टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी परियोजनाओं पर काम शुरू कराया जाएगा। कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूरा कराने की जिम्मेदारी दी गई है। -सार्थक अग्रवाल, सीडीओ, बस्ती