बस्ती। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मियों की ओर से दिए गए हड़ताल के अल्टीमेटम के बाद जिले से लेकर प्रदेश मुख्यालत तक हड़कंप मचा हुआ है।
रविवार को अवकाश का दिन होने के बाद भी प्रदेश के सभी जिलों से वेतन भुगतान की प्रगति की समीक्षा प्रदेश स्तर से की गई। पूरे प्रदेश में केवल बस्ती जिले से बताया गया कि लगभग 45 प्रतिशत संविदा कर्मियों का वेतन बिल ट्रेजरी में पहुंच चुका है। शेष जल्द ही पहुंच जाएगा।
वेतन बिल जमा होने के बाद से वेतन कर्मियों के खाते में पहुंचने तक चार से पांच दिन और लग सकते हैं। सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने बताया कि मार्च व अप्रैल माह का संविदा कर्मियों का वेतन जारी किया जा रहा है।
257 सीएचओ, मैटरनल हेल्थ की 57 स्टॉफ नर्स, टीबी कार्यक्रम के 32 स्टॉफ, 206 एएनएम के वेतन भुगतान का बिल ट्रेजरी को प्रेषित किया जा चुका है। शेष कर्मियों का बिल जल्द ट्रेजरी पहुंच जाएगा। संविदा कर्मियों का आरोप है कि उनसे काम तो लिया जाता है, लेकिन वेतन भुगतान को लेकर अधिकारी गंभीर नहीं रहते हैं।
यही कारण है कि तीसरा महीना समाप्त होने को है और वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। 21 मई को संविदा कर्मियों ने प्रदेश व्यापी कार्य बहिष्कार किया था।